नई दिल्ली। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज 98वीं जयंती है। इस मौके पर बीजेपी समेत पूरे देश में उनके प्रशंसक उन्हें याद कर रहे हैं। दिल्ली स्थित अटल स्मारक पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि दी। उनके साथ गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो को ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वीडियो को शेयर करते हुए पीएम ने लिखा, “अटल जी की जयंती पर उन्हें शत शत नमन. भारत के लिए उनका योगदान अमिट है। उनका नेतृत्व और दूरदृष्टि लाखों लोगों को प्रेरित करती है।” इस शेयर वीडियो में पीएम मोदी ने अपनी आवाज में अटल जी को श्रद्धांजलि दी है।
Tributes to Atal Ji on his Jayanti. His contribution to India is indelible. His leadership and vision motivate millions of people. pic.twitter.com/tDYNKiGXxj
— Narendra Modi (@narendramodi) December 25, 2022
इस वीडियो में पीएम मोदी कहते हैं… “अटल जी एक सच्चे राष्ट्रभक्त थे। किशोर अवस्था से लेकर जीवन के अंत तक शरीर ने जब तक साथ दिया वो जीए, देश के लिए, देशवासियों के लिए… उसूलों के लिए, समान मनावी के अरमानों के लिए। एक विचार के प्रति प्रतिबद्धता के कारण राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण होने के कारण शून्य में से सृष्टि का निर्माण कैसे होता है उसे करने वालों में एक महापुरुष अटल बिहारी वाजयपेयी अग्रिम पंक्ति में उनका नाम है। उनके समृद्ध और विकसित, भारत के संकल्प को दोहराते हुए मैं हम सब की ओर से अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।” भाजपा आज के दिन को गुड गवर्नेंस डे यानी सुशासन दिवस रूप में मनाएगी। सभी बूथों पर अटल जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री की कविताओं पर काव्यांजलि कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अटल का जन्म साल 1924 में आज ही के दिन हुआ था। वह भारतीय जनता पार्टी के संस्थापकों में एक थे और तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। उनका पहला कार्यकाल 1996 में मात्र 13 दिनों का था। इसके बाद, वह 1998 में फिर प्रधानमंत्री बने और 13 महीने तक इस पद को संभाला। साल 1999 में वह तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने। वह पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया।