नई दिल्ली। आज दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में हड्डियां गलाने वाली ठंड पड़ रही है। इन इलाकों में लगातार चौथे दिन सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में जिस शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। श्रीनगर में चिलईकलां का दौर जारी है, इसके चलते पारा -5 पहुंच गया है। वहीं दिल्ली में कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। जो अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही रहेगा। क्रिसमस के दिन सर्दी पूरे शबाब पर है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अगले 48 घंटे शीतलहर से राहत नहीं मिलेगी। वहीं पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कोल्ड डे से लेकर गंभीर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह आठ बजे उत्तर भारत के अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियल दर्ज किया गया है। जिसके बाद शीतलहर की रफ्तार और तीव्रता को देखते हुए क्रिसमस का बड़ा दिन यानी 25 दिसंबर इस साल का अभीतक का सबसे ठंडा दिन माना जा रहा है। इससे पहले 23 दिसंबर को शीतलहर का प्रकोप देखने को मिला था। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर गंभीर कोल्ड डे की स्थिति और पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति संभव है।
दिल्ली में एक हफ्ते तक कितना रहेगा तापमान
ठंड की वजह से बिहार में दो और लोगों की मौत हो गई है। भागलपुर में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शीतलहर को देखते हुए बिहार में स्कूल 31 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं। उधर, हरियाणा में भी 5.8 डिग्री तक तापमान पहुंच गया है।
इन इलाकों में देखिए पारा
- देश के उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान पांच से आठ डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा।
- पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में दिन में ठंड या बहुत अधिक ठंड।
- श्रीनगर में पारा -5.4 और पहलगाम में -6.4 डिग्री से. हुआ।
- अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
- कर्नाटक, केरल और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी बारिश के आसार।
मौसम विभाग के अनुसार, 25 दिसंबर से एक हफ्ते के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और त्रिपुरा में रात या सुबह के समय घना कोहरा छाये रहने की संभावना है। इन राज्यों में अगले दो दिनों में सर्दी और बढ़ सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार में घना काेहरा और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में 26 दिसंबर को पारा 4 डिग्री तक गिर सकता है।