राहुल की भारत जोड़ो यात्रा पहुंची दिल्ली, लाल किले पर होगी जनसभा

नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा लगातार जारी है। तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 108वें दिन राजधानी दिल्ली में प्रवेश कर गई है। भारत जोड़ो यात्रा शनिवार सुबह बदरपुर बॉर्डर से करीब 6:30 बजे दिल्ली में एंट्री कर गई है। भारत जोड़ो यात्रा करीब सुबह 10:30 बजे आश्रम चौक के पास पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा शाम साढ़े चार बजे लाल किला पहुंचेगी। राहुल का काफिला इंडिया गेट से भी होकर गुजरेगा। दिल्ली के सात संसदीय क्षेत्रों में अलग-अलग पड़ाव होंगे। यात्रा में पार्टी के आला नेताओं, कलाकार, खिलाड़ियों, युवाओं के साथ सभी वर्ग और समुदाय के लोग और पार्टी के हजारों कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।

 

लाल किले पर राहुल गांधी देंगे भाषण : कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा के फरीदाबाद में एनएचपीसी मेट्रो स्टेशन से शुरू हुई। भारत जोड़ो यात्रा शाम 4:30 बजे लाल किले पर पहुंच रही है, जहां राहुल गांधी भाषण देंगे। राहुल गांधी की इस यात्रा में बड़ी संख्या में पैदल यात्रियों और गाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है।

दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा का रूट : भारत जोड़ो यात्रा में शामिल लोग दोपहर में आश्रम चौक के पास धर्मशाला में लंच और विश्राम करेंगे। इसके बाद यात्रा निजामुद्दीन, इंडिया गेट सर्किल, आईटीओ, दिल्ली कैंट, दरियागंज होते हुए लालकिला पहुंचेगी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ पार्टी के कई नेता राजघाट, वीरभूमि और शक्ति स्थल और शांति वन पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

देश के दक्षिणी छोर से राजधानी तक का लंबा पैदल सफर पैदल तय करके दिल्ली पहुंचने पर राहुल गांधी ने कहा, “मैं जब कन्याकुमारी से चला तब मुझे एक बात पता चली कि इस देश में नफरत नहीं है, इस देश में सिर्फ मोहब्बत है। नफरत सिर्फ मीडिया वाले दिखाते हैं। इस यात्रा में हिंदू-मुस्लिम-सिख-इसाई सभी धर्मों के लोग साथ चल रहे हैं। अमीर, गरीब, किसान, मजदूर सब चल रहे हैं। इस यात्रा के अंदर एक हिन्दुस्तान है।” राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा, “भारत जोड़ो यात्रा बेरोजगारी, महंगाई, डर और नफरत के खिलाफ है। लेकिन केंद्र सरकार की सारी नीतियां डर फैलाने के लिए हैं। ये चाहते हैं कि किसान, मजदूर, युवा सभी के दिलों में डर हो।”

यात्रा को लेकर निर्देश : कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने कहा है कि उनकी पार्टी सरकार की ओर से जारी सभी प्रोटकॉल का पालन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी COVID को लेकर राजनीति कर रही है और भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उधर, दिल्ली कांग्रेस ने यात्रा में भाग लेने वाले अपने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को मास्क पहनकर आने का निर्देश जारी किया है।

7 सितंबर से शुरू हुई थी यात्रा : गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। यात्रा ने अब तक 9 राज्यों को कवर कर लिया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा शामिल है। हालांकि, हरियाणा में दूसरा फेज भी होना बाकी है। कुछ दिन ब्रेक के बाद पदयात्रा 3 जनवरी 2023 को फिर से शुरू होगी। नए साल में यूपी, हरियाणा के बाद ये यात्रा फिर पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगी।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *