नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ने अपने 100 दिन पूरे कर लिए हैं। यात्रा अभी तक 2600 किमी की दूरी को तय कर चुकी है। राहुल गांधी इन दिनों राजस्थान में हैं। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का आज 12वां दिन है। आज यात्रा एक ही फेज में करीब 22 किलोमीटर का सफर तय करेगा। आज टी ब्रेक की जगह सीधा लंच ब्रेक रखा गया है। इसके बाद राहुल गांधी हेलिकॉप्टर से जयपुर जाएंगे। भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर आज जयपुर के नए पीसीसी ऑफिस में राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी है।
राजस्थान में राहुल गांधी की यह पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि यात्रा के सौ दिन पूरे होने की ख़ुशी में राहुल गांधी जयपुर में प्रेस कॉन्फ़्रेंस करेंगे और उसी दिन शाम को जयपुर के अल्बर्ट हॉल में ‘भारत जोड़ो कॉन्सर्ट’ का भी आयोजन होगा। इस अवसर पर सुनिधि चौहान भी होंगी। हिमाचल प्रदेश के नव-निर्वाचित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने सभी विधायकों के साथ जयपुर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होंगे।
भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी जमीनी स्तर पर कांग्रेस को फिर से ‘जिंदा’ करने की कोशिशों में लगे हुए हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ने अब तक कई रंग देखे हैं। राहुल गांधी यात्रा के दौरान जहां-जहां जा रहे हैं, वहां वह स्थानीय लोगों से मुलाकात करते हैं।
भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी ने बच्चों के साथ डांस किया तो कई बार बच्चों को कंधों पर भी उठा लिया। बच्चों ने भी राहुल गांधी के साथ खूब मस्ती की।
राहुल गांधी ने ‘बुलेट’ बाइक पर भी सवारी की। बुलेट बाइक पर बैठे राहुल गांधी की तस्वीर खूब वायरल हुई। बाइक पर बैठे राहुल गांधी काफी स्मार्ट और डैशिंग लग रहे थे।
राहुल गांधी ने यात्रा के दौरान एक शानदार बैलगाड़ी की भी सवारी की। उनकी इस तस्वीर ने भी लोगों को ध्यान आकर्षित किया।
राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में फुटबॉल खेलते हुए भी नजर आए। उन्होंने यात्रा के दौरान स्कूल स्टूडेंट के साथ कई सारे खेल सड़क पर ही खेले।
भारत जोड़ो यात्रा को तमाम बड़ी हस्तियों का भी साथ मिला। पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने राहुल गांधी के साथ कई मुद्दों पर भी बात की।
राहुल गांधी ने यहां एक गांव में महिलाओं के साथ मशीन में चारा भी काटा।
राहुल गांधी जब 7 सितंबर को कन्याकुमारी से हिन्दुस्तान का जन गण मन टटोलने भारत जोड़ो यात्रा पर पैदल निकले तो कांग्रेस के ‘राजकुमार’ की इस पदयात्रा को लेकर लोगों के मन में कई तरह की आशंकाएं थीं। 3570 किलोमीटर का सफर, मौसम का उतार-चढ़ाव, SUVs के आदी, पैदल चलना भूल चुके कांग्रेसी। कैसे करेंगे? कौन आएगा? हो पाएगा?
राहुल गांधी ने सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से इस यात्रा की शुरुआत की थी. वो कई राज्यों से होते हुए फ़िलहाल राजस्थान में हैं और वो क़रीब 3750 किलोमीटर की यात्रा करने के बाद संभवत: फ़रवरी में कश्मीर पहुंचेंगे जहां यात्रा ख़त्म होगी।