नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में बॉर्डर के पास तवांग इलाके में चीनी सैनिकों के साथ झड़प की खबर है। भारतीय सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि ये झड़प नौ दिसंबर 2022 को हुई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस झड़प में 30 सैनिकों के घायल होने की खबर है। तवांग के यांगत्से इलाके में हुई इस झड़प में दोनों देशों के सैनिक घायल हुए हैं। इस झड़प के बाद भारत के कमांडरों ने शांति बहाल करने के लिए चीन के कमांडर के साथ फ्लैग मीटिंग की। जिसके बाद मामला सुलझा लिया गया।
On 9th Dec 2022, PLA troops contacted the LAC in Tawang Sector of Arunachal Pradesh which was contested by Indian troops in a firm and resolute manner. This face-off led to minor injuries to a few personnel from both sides. Both sides immediately disengaged from the area: Sources pic.twitter.com/vQLXcM3xLS
— ANI (@ANI) December 12, 2022
भारत-चीन के सीमा विवाद के बीच 9 दिसंबर को रात में दोनों देशों के बीच सैनिकों की झड़प हुई थी। हालांकि, सरकार की तरफ से आधिकारिक रूप से इस झड़प को लेकर कोई पुष्टि नहीं की गई है। तवांग में घायल हुए भारतीय सैनिकों को इलाज के लिए गुवाहाटी लाने की खबर है। इससे पहले डोकलाम में भारत और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। इससे पहले दोनों देशों के बीच पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद सुलझाने को लेकर कई दौर की बैठक हो चुकी है।
दोनों देशों की सेनाओं के बीच कोर कमांडर स्तर की 16वीं वार्ता जुलाई 2022 में हुई थी। 12 घंटों से भी ज्यादा समय तक चली उस वार्ता के दौरान वार्ता के दौरान भारत ने फिर से चीन पर दबाव डाला था कि वह पूर्वी लद्दाख के विवाद वाले क्षेत्रों से सेना पूरी तरह पीछे हटाए। दोनों पक्ष संपर्क में रहने और सैन्य एवं राजनयिक माध्यमों की मदद से बातचीत बनाए रखने और शेष मुद्दों को पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान पर जल्द से जल्द काम करने पर सहमत हुए थे।
गौरतलब है कि 1 मई, 2020 को दोनों देशों के सैनिकों के बीच पूर्वी लद्दाख की पैंगोंग त्सो झील के उत्तरी किनारे पर झड़प हो गई थी। उस झड़प में दोनों तरफ के कई सैनिक घायल हो गए थे। यहीं से तनाव की स्थिति बढ़ गई थी। इसके बाद 15 जून की रात गलवान घाटी पर भारत और चीन के सैनिक आमने-सामने आ गए। इसमें 20 भारतीय जवान शहीद हुए थे, जबकि चीन के 38 से ज्यादा जवान मारे गए थे। इसके बाद करीब एक साल तक दोनों देशों के बीच काफी तनाव की स्थिति थी। सीमा पर हजारों जवान तैनात कर दिए गए थे।
कांग्रेस नेता ने किया ट्वीट
जिसके बाद दोनों देशों के सैनिकों की झड़प को लेकर कांग्रेस नेता डॉ. अजॉय कुमार ने भी ट्वीट किया। अजय कुमार ने अपने ट्वीट में लिखा, तवांग, अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीनी सैनिकों के बीच झड़प। G20 अध्यक्ष चुप! इस ट्वीट से कांग्रेस ने सीधे-सीधे केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाया।
गवांग, अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीनी सैनिकों के बीच झड़प.
G20 अध्यक्ष चुप!
— Dr. Ajoy Kumar (@drajoykumar) December 12, 2022
संसद के शीतकालीन सत्र में हो सकते है हंगामे के आसार
संसद का अभी शीतकालीन सत्र चल रहा है। ऐसे में चीन के साथ तवांग में हुई झड़प का मामला उठ सकता है। ऐसे में संसद के शीत कालीन सत्र के हंगामे के आसार है। विपक्षी दलों के चीफ व्हिप को यह सूचित किया जा चुका है कि वह इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से संसद में उठाएं। वहीं, सूत्रों के हवाले से खबर है कि संभव है कि सरकार की तरफ से इस मामले में रक्षा राज्य मंत्री सदन में बयान दे सकते हैं।