हिमाचल में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, आज लेंगे शपथ

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में चुनाव नतीजे आने के बाद से ही हिमाचल कांग्रेस में घमासान जारी था। सीएम पद के लिए दावेदारी प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने ठोकी थी। दिन भर हंगामे और नारेबाजी के बीच सुखविंदर को सीएम और मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाए जाने की घोषणा कर दी गई। चार बार के विधायक और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश का 15वां मुख्यमंत्री घोषित किया गया।

 

इसके अलावा मौजूदा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। वहीं, प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर हो गईं। रविवार को शिमला के रिज मैदान पर दोपहर 1:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। अब जल्द मंत्रियों के नाम तय होंगे।

 

राजीव शुक्ला, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी- “सर्वसम्मति से सुखविंद्र सिंह सुक्खू विधायक दल के नेता चुन लिए गए हैं। सुक्खू मुख्यमंत्री होंगे, जबकि मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री होंगे”।

 

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रविवार यानि आज होगा, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहेंगे। राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं।

 

आलाकमान की तरफ से सुक्खू के नाम पर मुहर लगने के बाद शनिवार शाम शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। इसमें सुक्खू को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा नवनिर्वाचित पार्टी के विधायक, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहेंगे।

एनएसयूआई के रास्ते हिमाचल प्रदेश की राजनीति में आए सुक्खू करीब छह साल तक पार्टी प्रदेशाध्यक्ष भी रहे हैं। 58 वर्षीय सुक्खू राज्य में कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष थे और हमीरपुर जिले की नादौन विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। सुक्खू का हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा वीरभद्र सिंह खेमे के समानांतर नया धड़ा उभरा है।

भावुक हुए सुखविंद्र सुक्खू

सीएम पद पर खुद के नाम की घोषणा के बाद सुखविंद्र सुक्खू भावुक हो गए। उन्होंने अपने आंसू पोंछे। सुक्खू ने सीएम की जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष भी उन्हें गांधी परिवार ने ही बनाया। अब सीएम भी उन्होंने बनाया है। वह इसके लिए हिमाचल की जनता का भी आभार जताते हैं।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *