नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को कानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने 387.59 करोड़ रुपये की की 272 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ ही सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। साथ ही सीएम योगी ने महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा ऐलान किया है। सीएम ने कहा कि अब यूपी में कोई भी बहन-बेटियों को छेड़ नहीं पाएगा। CCTV कैमरा हर गतिविधि को कैद करेगा। कोई भी आरोपी ऐसा करता दिखा तो वह अगले चौराहे से पहले ढेर होगा।
यहां VSSD कॉलेज ग्राउंड में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने बदमाशों को खुली चेतावनी दी। कहा, “अब कोई अपराधी जो पहले एक चौराहे पर बहन-बेटी को छेड़ता हो। दूसरे चौराहे पर डकैती डालने का दुस्साहस करता हो। अब नहीं कर पाएगा क्योंकि CCTV कैमरा एक-एक गतिविधि को कैद करके रखेगा।”
योगी ने कहा, “अगर किसी ने एक चौराहे पर शरारत की या डकैती डाली तो अगले चौराहे पर भागने से पहले ही वह सारी तस्वीरें कैद हो जाएंगी। अगले चौराहे पर पहुंचते-पहुंचते पुलिस उसको ढेर कर चुकी होगी।”
कानपुर ने अपने उद्योग के लिए पहचान बनाई। कुछ लोगों की नजरें कानपुर पर रहीं और ये शहर दुर्व्यवस्था का शिकार हो गया। कानपुर की पहचान मोक्षदायनी के रूप में बनी। PM मोदी ने खुद कानपुर आकर गंगा में गिरने वाले सीसामऊ नाले को बंद कराया। नाले को सेल्फी पॉइंट में बदल दिया गया।
नमामि गंगे परियोजना का सबसे क्रिटिकल पॉइंट कानपुर था। आज कह सकता हूं कि कानपुर में किए गए प्रयोग के बाद प्रयागराज में गंगा भी आचमन लायक हो गई है। कानपुर में मेट्रो की शुरुआत PM मोदी ने की। मेट्रो के सेकेंड और थर्ड फेज का लोकार्पण करने के लिए जल्द PM मोदी आएंगे। डिफेंस कॉरिडोर का मुख्य केंद्र बिंदु कानपुर है।”
कानपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार कानपुर समेत प्रदेश के विकास की प्रतिबद्धता के लिए काम कर रही है।