नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में सातरुंडा चौराहे के पास एक सड़क भीषण हादसा हुआ। जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने कई लोगों को एक साथ रौंद दिया। इस हादसे में 5 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है ये हादसा टायर फटने से होना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार हादसा रतलाम जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर सातरूंडा के पास रतलाम इंदौर फोरलेन पर हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रॉले की रफ्तार ज्यादा थी और अचानक उसका टायर फट गया। जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठकर बस का इंतजार कर रहे लोगों की ओर चला गया और कई को रौंद दिया। पुलिस ने मृतकों की संख्या पांच बताई है। 10 घायल अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे के फुटेज देखकर और प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज भिजवाए हैं।
रतलाम के कलेक्टर नरेन्द्र कुमरा सूर्यवंशी ने बताया कि टायर फटने से ट्रक असंतुलित हुआ। जिसकी वजह से ये हादसा हुआ । हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है। घायलों का समुचित इलाज किया जा रहा है। तो वहीं सीएम शिवराज ने भी हादसे पर दुख जताया।
आपको बता दें करीब 20 दिन पहले भी रतलाम में ऐसे ही एक हादसे में 4 लोगों की जान चली गई थी। फोरलेन पर जमुनिया फंटे के पास बेकाबू कार ने करीब एक दर्जन मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 4 मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 8 मजदूर घायल हो गए थे।