मुंबई। गलवान ट्वीट पर ऋचा चड्ढा का इंडियन आर्मी पर किया गया ट्वीट आजकल गरमाया हुआ है। उनके इस ट्वीट ने बवाल मचा दिया है। आम लोगों के साथ-साथ बॉलीवुड सेलेब्स भी कड़े शब्दों में उनकी निंदा कर रहे हैं। अभिनेत्री माफी मांग चुकी हैं, लेकिन मामला अभी ठंडा नहीं हुआ है। एक ओर कुछ सितारे ऋचा की जमकर आलोचना कर रहे हैं, तो कुछ अभिनेत्री के पक्ष में उतर आए हैं। तो चलिए जानते हैं कि इस मामले में अभी तक किन सितारों ने ऋचा का सर्पोट में है और उनका विरोध कर रहे हैं।
अक्षय कुमार
अक्षय कुमार देश में चल रहे मुद्दे पर अक्सर अपनी राय रखते रहते हैं। ऋचा की बात से अभिनेता असहमत दिखे और उन्होंने ट्वीट के जरिए अपनी बात रखी। अभिनेता ने ऋचा चड्ढा के ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘यह देखकर आहत हूं। किसी को कभी हमारे सशस्त्र बलों के प्रति एहसान फरामोश नहीं होना चाहिए। वो हैं तो आज हम हैं।’
अनुपम खेर
अनुपम खेर को भी ऋचा चड्ढा का ऐसा करना पसंद नहीं आया और उन्होंने अभिनेत्री की क्लास लगा दी। उन्होंने लिखा, ‘देश की बुराई करके लोगों के बीच लोकप्रिय होने की कोशिश कायर और छोटे लोगों का काम है। सेना के सम्मान को दांव पर लगाना…इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है।’
निखिल सिद्धार्थ
‘कार्तिकेय 2′ के अभिनेता निखिल सिद्धार्थ ने भी ट्वीट कर ऋचा का विरोध किया है। उन्होंने लिखा, ’20 बहादुर भारतीय सैनिकों ने हमारे देश और हमारी रक्षा करते हुए गलवान में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके परम बलिदान के बारे में पढ़कर आज भी हमारी आंखों में आंसू आ जाते हैं। राजनीति भूल जाओ। हमारी सेना और सशस्त्र बलों का हमेशा सम्मान किया जाना चाहिए और कभी अपमान नहीं करना चाहिए। ऋचा चड्ढा, प्लीज भारत पहले।’
विवेक अग्निहोत्री
फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने भी ऋचा चड्ढा के विरोध में ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘मैं इस व्यवहार से बिल्कुल भी हैरान नहीं हूं। वे वास्तव में भारत विरोधी महसूस करते हैं। दिल की बात जुबान पर आ ही जाती है। और फिर वे पूछते हैं कि लोग बॉलीवुड को बायकॉट क्यों करना चाहते हैं।
अशोक पंडित
फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने जुहू पुलिस स्टेशन में अभिनेत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने लिखा, ‘मैंने जुहू पुलिस स्टेशन (मुंबई) में अभिनेत्री ऋचा चड्ढा के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कारई। हमारे जवानों का मजाक उड़ाने का किसी को हक नहीं है। मुझे लगता है मुंबई पुलिस देश के कानून के अनुसार उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगी।’
परेश रावल
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता परेश रावल ने भी ऋचा चड्ढा के विवाद पर अपनी टिप्पणी दी है। उन्होंने लिखा, ‘भारतीय सशस्त्र बल, आप हैं तो हम हैं।’
नगमा
पूर्व अभिनेत्री और कांग्रेस नेता नगमा भी ऋचा चड्ढा के पक्ष में आई थीं, जिसके बाद वह लोगों के निशाने पर आ गईं। अभिनेत्री ने लोगों के फूटते गुस्से को देख अपने ट्वीट पर सफाई दी और कहा कि उन्होंने ऋचा का सपोर्ट नहीं किया था। नगमा ने कर्नल अशोक कुमार सिंह ने ट्वीट के ऋचा के सपोर्ट में किए गए ट्वीट को सही बताया था, जिसमें लिखा था कि अभिनेत्री ने सैनिकों के बलिदान का मजाक उड़ाया है। वह चुनाव की बात कर रही थी। इसके बाद नगमा की मंशा पर सवाल उठे तो उन्होंने कहा कि वह ऋचा का पक्ष नहीं ले रही थी, उन्होंने सेना के एक दिग्गज का समर्थन किया था।
प्रकाश राज
जहां एक ओर कई सितारे ऋचा का विरोध कर रहे हैं, तो प्रकाश राज उनके पक्ष में आ गए हैं। प्रकाश राज ने अक्षय कुमार को आड़े हाथ लेते हुए ट्वीट किया, ‘आपसे ये उम्मीद नहीं थी अक्षय कुमार…सर ऋचा चड्ढा हमारे देश के लिए आपसे ज्यादा प्रासंगिक हैं।’ इससे पहले भी प्रकाश राज ने ऋचा के सपोर्ट में ट्वीट करते हुए लिखा, ‘हम आपके साथ हैं ऋचा चड्ढा। हम जानते हैं कि आपके कहने का क्या मतलब था।’
गजेंद्र चौहान
‘महाभारत’ फेम गजेंद्र चौहान ने लिखा -‘कौन हैं ऋचा चड्ढा? हमारे हीरोस को अपमान करने का दयनीय प्रयास…. उन्हें शर्म आनी चाहिए।’
स्वरा भास्कर
स्वरा भास्कर भी ऋचा चड्ढा के सपोर्ट में उतर आई हैं और उन्होंने अभिनेत्री को शक्ति और प्यार भेजा है। स्वार के ट्वीट के बाद से वह यूजर्स के निशाने पर आ गई हैं और लोग उन्हें देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं।
रवीना टंडन
रवीना ने लिखा, ‘मैं इससे सहमत हूं कि लोगों की अलग-अलग राजनीतिक राय और प्राथमिकताएं हैं, लेकिन जब हमारी सेना, अग्रिम पंक्ति के सैनिकों, हमारे शहीदों और उनके परिवारों द्वारा किए गए बलिदानों की बात आती है, तो उस पर तंज और मजाक नहीं करना चाहिए।’
ऋचा के इस ट्वीट के लिए उन्हें बुरी तरह से क्रिटिसाइज किया जा रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर बायकॉट फुकरे 3 ट्रेंड होना शुरू हो गया। ऋचा ने अपने स्टेटमेंट के लिए लोगों से माफी तो मांग ली है और वो ट्वीट भी डिलीट कर दिया है लेकिन यूजर्स उनसे अभी भी खफा हैं।