नई दिल्ली। पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा (BJY) देश भर के राज्यों और शहरों में आगे बढ़ रही है। राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी में नई जान फूंकने के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक 170 दिन तक चलने वाली पदयात्रा पर निकले हैं। राहुल की इस भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेस पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच सियासी जंग छिड़ी हुई है, तो वहीं इस दौरान अलग-अलग रंग देखने को मिले हैं। कभी राहुल फुटबॉल खेलते नज़र आए तो कभी बच्चो संग रेस लगाते हुए।
राहुल गांधी लगातार इस यात्रा से कांग्रेस की छवि सुधारने में लगे हुए हैं उनके मार्च के दौरान, राजनेता और कई अभिनेता शामिल हुए हैं। वहीं अन्य पार्टियों ने शामिल कई अभिनेताओं को पैसे देकर बुलाने का दावा किया हैं। आइए एक नज़र डालते हैं उन अभिनेताओं पर जो राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए.
अमोल पालेकर : अनुभवी अभिनेता अमोल पालेकर और उनकी पत्नी, लेखक-फिल्म निर्माता संध्या गोखले ने महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में भारत जोड़ो यात्रा में भाग लिया।
रिया सेन: अभिनेत्री रिया सेन महाराष्ट्र के अकोला जिले में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं और राजनीतिक दल के नेता राहुल गांधी के साथ-साथ चलती नज़र आईं। रिया को ‘झंकार बीट्स’ और ‘नौकाडुबी’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर गांधी के साथ रिया सेन की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘अभिनेत्री रिया सेन आज ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का हिस्सा बनीं। अब सड़कें क्रांति देख रही हैं।’’ वही रिया सेन ने भी ट्वीट किया, ऐसी पहल का हिस्सा बनकर खुश हूं जो देश के लोगों को एकसाथ लाने पर केंद्रित है। एकता दिखाने की इस साहसिक पहल के लिए राहुल गांधी का शुक्रिया।
रश्मि देसाई: रश्मि देसाई को राहुल गांधी के साथ चलते देखा गया क्योंकि वह आकांक्षा पुरी के साथ कांग्रेस के राजनीतिक नेता में शामिल हुईं। वह गुलाबी दुपट्टे के साथ सफेद सूट पहने नजर आईं।
आकांक्षा पुरी: मार्च की तस्वीरें साझा करते हुए आकांक्षा ने ट्विटर पर लिखा, “इंदिरा गांधी जी की जयंती पर @RahulGandhi के साथ #BharatJodoYatra का हिस्सा बनकर बहुत खुशी हुई #staystrong #stayunited।”
सुशांत सिंह: अभिनेता सुशांत सिंह भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की। उन्होंने एक जनसभा में नेताओं के साथ मंच भी साझा किया। अभिनेता ने कहा कि मैं इस यात्रा में शामिल होना चाहता था, लेकिन मैं इससे पहले किसी भी राजनीतिक दल की बैठक में शामिल नहीं हुआ था। मैंने सोचा कि यह कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम है, क्या मुझे इसमें शामिल होना चाहिए या नहीं। तब मुझे एहसास हुआ कि यह भारत की यात्रा है, जो देश को एकजुट होने की बात करती है।
पूजा भट्ट: अभिनेत्री और फिल्म निर्माता पूजा भट्ट कुछ समय के लिए हैदराबाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। बोवेनपल्ली में रात्रि विश्राम के बाद बालानगर से रैली फिर से शुरू करने के बाद भट्ट कुछ दूर तक कांग्रेस सांसद के साथ चले। मोना अम्बेगांवकर भी महाराष्ट्र के बुलढाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं।